राजस्थान: पुलिस की बड़ी करवाई, बाइक के गुप्त चैम्बर से 50 लाख की अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार

post 1166 (1)

चित्तौड़गढ़: जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला स्पेशल टीम और निम्बाहेड़ा कोतवाली थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 9 किलो 864 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है और मध्यप्रदेश के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आईजीपी रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबार पर सख्त नजर रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत मध्यप्रदेश बॉर्डर स्थित जलिया चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान नीमच की ओर से आ रही एक संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली गई।

जांच में सामने आया कि बाइक की पेट्रोल टंकी के नीचे विशेष रूप से गुप्त स्कीम बनाई गई थी। इसी में छुपाकर 6 पारदर्शी प्लास्टिक बैग में भरी अफीम रखी गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।

पुलिस ने मामले में मध्यप्रदेश के नीमच जिले के मनासा निवासी रितुराजसिंह पुत्र टीकमसिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े नेटवर्क, सप्लाई चेन और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।