IMD Alert: राजस्थान के इन 11 जिलों में अगले 3 घंटों में बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी, पढ़े पूरी खबर

heavy-rain-1-2-3-November

जयपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर केंद्र ने 21 मार्च 2026 को प्रदेश के कई जिलों के लिए तात्कालिक (नाउकास्ट) चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं हनुमानगढ़, बाड़मेर, जयपुर, जोधपुर, नागौर, बारां, कोटा और करौली जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में भी मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार आंधी-बारिश के समय सुरक्षित स्थानों पर रहें, पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही बिजली उपकरणों के प्लग निकालने और खुले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।

विभाग ने चेताया है कि आगामी कुछ घंटों में मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

एक हफ्ते तक हीटवेव से राहत:-

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला है। पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें मांडावर और झुंझुनूं में सर्वाधिक 18 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इस दौरान अधिकांश इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 8 डिग्री कम है। वहीं सबसे अधिक तापमान टोंक (वनस्थली) में 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आज जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि बाकी प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की उम्मीद है।

विभाग ने यह भी बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से 22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद अगले 4 से 5 दिनों तक अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

राहत की बात यह है कि आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में लू चलने की कोई संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।