सनराइजर्स हैदराबाद को एक और बड़ा झटका, चोट के चलते सीजन शुरू होने से पहले ही बाहर हुआ ये तेज गेंदबाज

post 1154 (1)

आईपीएल 2026 में तेज गेंदबाजों के चोटिल होने की लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है। पहले से ही अपने प्रमुख पेसर पैट कमिंस और ईशान मलिंगा की चोट से परेशान सनराइजर्स हैदराबाद को अब एक और बड़ा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जैक एडवर्ड्स पैर में लगी चोट के कारण पूरे आईपीएल 2026 सीजन से बाहर हो गए हैं।

25 वर्षीय इस सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर को पिछले ऑक्शन में एसआरएच (SRH) ने 3 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्हें इस सीजन में अपना आईपीएल डेब्यू करना था, लेकिन चोट के चलते अब उनका इंतजार और लंबा हो गया है। खास बात यह है कि 2025 के ऑक्शन में वे टीम के एकमात्र अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी थे।

बीबीएल में किया था कमाल का प्रदर्शन:-

जैक एडवर्ड्स का बिग बैश लीग 2025-26 सीजन काफी प्रभावशाली रहा था। उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए 13 मुकाबलों में 19 विकेट लिए और 133 रन भी बनाए। बीबीएल फाइनल में पर्थ स्कॉर्चर्स के खिलाफ हार के चार दिन बाद ही उन्होंने पर्थ में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू किया। हालांकि यह मैच उनके लिए खास नहीं रहा—उन्होंने दो ओवर में 25 रन दिए, कोई विकेट नहीं लिया और बल्ले से सिर्फ 5 रन बनाए।

इसके बाद उन्होंने अपनी घरेलू टीम न्यू साउथ वेल्स के लिए दो शेफील्ड शील्ड मुकाबले खेले, जिनमें से आखिरी मैच हाल ही में गुरुवार को समाप्त हुआ।

ईशान किशन के हाथों में होगी कप्तानी:-

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा है क्योंकि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस भी इस सीजन की शुरुआत में उपलब्ध नहीं रहेंगे। वह कमर की चोट से उबर रहे हैं। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कमान संभालते नजर आएंगे। वहीं ईशान मलिंगा की फिटनेस को लेकर भी अभी स्थिति साफ नहीं है।

ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों की चोटों की लिस्‍ट हो रही लंबी:-

जैक एडवर्ड्स की चोट ने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों की चोटों की सूची को और लंबा कर दिया है। पैट कमिंस के अलावा जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन एलिस भी चोट के चलते आईपीएल के कुछ मैचों या पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो सकते हैं।

सनराइजर्स हैदराबाद 28 मार्च को बेंगलुरु में खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के 19वें सीजन के पहले मुकाबले में उतरेगी, जहां उसका सामना मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।