बड़ी खबर: भारत-पाक बॉर्डर पर BSF ने कोहरे का फायदा उठाकर घुसने वाले पाकिस्तानी घुसपैठिया को पकड़ा, पूछताछ जारी

post 942

बड़ी खबर: भारत-पाक बॉर्डर पर BSF ने कोहरे का फायदा उठाकर घुसने वाले पाकिस्तानी घुसपैठिया को पकड़ा, पूछताछ जारी

Jaisalmer : नए साल के जश्न के बीच राजस्थान के जैसलमेर जिले से सटी भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता एक बार फिर कारगर साबित हुई है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने नाचना सेक्टर में कोहरे का फायदा उठाकर भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया है।

यह घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। उस समय सीमा क्षेत्र में नियमित गश्त चल रही थी और पहले से ही हाई अलर्ट घोषित था। बीएसएफ की 72वीं बटालियन के जवान नाचना क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर निगरानी कर रहे थे। शाम होते ही इलाके में हल्का कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता कम हो गई। इसी दौरान संतरी की नजर सीमा पार से भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति पर पड़ी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति तारबंदी के पास भारतीय सीमा में प्रवेश करने लगा, बीएसएफ के जवानों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। हथियारबंद जवानों को सामने देखकर वह घबरा गया और भागने की कोशिश नहीं कर सका।

पूछताछ में क्या बताया:-

पकड़े गए व्यक्ति को तुरंत नजदीकी बॉर्डर आउट पोस्ट लाया गया, जहां उससे प्रारंभिक पूछताछ की गई। उसकी पहचान इशरत (35) पुत्र राणा मोहम्मद असलम के रूप में हुई है। उसने खुद को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा जिले का रहने वाला बताया है। शुरुआती पूछताछ के दौरान वह घबराया हुआ नजर आया और उसके बयान बार-बार बदलते रहे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ गई।

बीएसएफ सूत्रों के अनुसार तलाशी में उसके पास से कोई हथियार, नक्शा, दस्तावेज या अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है। हालांकि, उसका संदिग्ध व्यवहार और अस्थिर बयान सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। आगे की जांच जारी है।