निजी स्कूल की बस से गिरा सातवीं कक्षा का छात्र, उपचार के दौरान हुई मौत
डूंगरपुर। जिले के सरोदा थाना क्षेत्र के लिंबोड़ बड़ी के एक छात्र की स्कूल बस से गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने वाहन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया और कार्रवाई की मांग की।
सातवीं कक्षा का छात्र था मृतक जतिन रेबारी:-
जानकारी के अनुसार लिम्बोड निवासी 13 वर्षीय जतिन रेबारी, जो एक निजी विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। रोज की तरह वह विद्यालय में अध्ययन के बाद स्कूल बस से वापस घर जा रहा था। आरोप है कि ग्राम पंचायत घोड़ापला के पास पुलिया पर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे वह बस से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, मामला दर्ज:-
घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बड़ी संख्या में परिजन और समाज के लोग मौके पर पहुंचे और नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजन जीवा रेबारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल प्रबंधन का अलग दावा:-
वहीं, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि बस में बच्चों के बीच धक्का-मुक्की के दौरान जतिन गिरा था। उनके अनुसार, गिरने के बाद उसे फिर बस में बैठाकर घर छोड़ दिया था। उसके बाद बच्चे की तबियत ज्यादा खराब होने पर सागवाड़ा के निजी अस्पताल ले गए थे, जहां इलाज के दौरान बच्चे जतिन की मौत हो गई ।
कुवैत में रोजगाररत है मृतक का पिता:-
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि जतिन के पिता कुवैत में काम करते हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। बच्चे की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग:-
राष्ट्रीय पशुपालक संघ ने प्रशासन को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित स्कूल के पंजीकरण रद्द करने और परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।