राजस्थान दिवस पर बड़ी सौगात, रोडवेज के बेड़े में जुडी 207 नई बसें; सीएम भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी

post 1131 (1)

जयपुर। राजस्थान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में 207 नई बसें शामिल की गईं। गुरुवार को अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से मुख्यमंत्री ने इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत आमजन को सस्ती, सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन बसों को जोड़ा गया है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और मंत्री जोगाराम पटेल भी मौजूद रहे।

बसों की सुविधाओं का किया निरीक्षण:-

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रोडवेज की अनुबंधित बसों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर बसों को रवाना किया गया।

207 नई बसों में विभिन्न श्रेणियां शामिल:-

रोडवेज को मिली इन 207 बसों में 100 ब्लू लाइन, 79 नॉन एसी और 28 एसी बसें शामिल हैं। इन बसों के संचालन से जहां बंद पड़े रूट्स फिर से शुरू होंगे, वहीं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इससे यात्रियों को बेहतर और सुगम सफर का अनुभव मिलेगा।

ग्रामीण इलाकों को मिलेगा सीधा लाभ:-

नई बसों के शामिल होने से राज्य की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। खासकर दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन आसान होगा, जिससे आमजन को सीधा फायदा मिलेगा। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार ये बसें प्रदेशभर के अलग-अलग रूट्स पर चलाई जाएंगी, जिनमें लंबी दूरी और इंटरसिटी रूट्स भी शामिल हैं।

700 महिलाओं को बांटे हेलमेट:-

कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष पहल भी की गई। मुख्यमंत्री ने 700 महिला सड़क सुरक्षा अग्रदूतों को आईएसआई मार्का हेलमेट वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य लोगों को हेलमेट के प्रति जागरूक करना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात को बढ़ावा मिले।