Panchayat Raj Elections: राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, आयोग ने कलेक्टरों को भेजी गाइडलाइन; पढ़े पूरी खबर

post 938

Panchayat Raj Elections: राजस्थान में पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, आयोग ने कलेक्टरों को भेजी गाइडलाइन; पढ़े पूरी खबर

Panchayat Raj Elections : राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। राजस्थान राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को गति देते हुए सभी जिला कलेक्टरों को 25 फरवरी तक मतदाता सूचियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं। इससे फरवरी के बाद किसी भी समय पंचायत चुनाव कराए जाने का रास्ता साफ हो गया है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी कलेक्टरों को जिला निर्वाचन अधिकारी के रूप में मतदाता सूची अद्यतन करने की गाइडलाइन भेजी है। आयोग ने पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूचियों के अपडेट का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

25 फरवरी को होगा मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन:-

आयोग के अनुसार पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूचियों का प्रारूप (ड्राफ्ट) 29 जनवरी को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि 25 फरवरी को इनका अंतिम प्रकाशन होगा। ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद—तीनों स्तरों पर वार्डवार मतदाता सूचियां तैयार की जाएंगी।

14 हजार से अधिक होंगी ग्राम पंचायतें:-

प्रदेश में नई ग्राम पंचायतों के गठन के बाद इनकी संख्या 14 हजार से ज्यादा हो चुकी है, जिनके चुनाव एक साथ कराए जाएंगे। हालांकि फिलहाल केवल उन्हीं पंचायत समितियों और जिला परिषदों में चुनाव होंगे, जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है।

एक बूथ पर होंगे कई वार्ड:-

राज्य निर्वाचन आयोग केंद्रीय निर्वाचन आयोग के मानक को अपनाते हुए एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1100 मतदाता रखने की व्यवस्था करेगा। पंचायत के एक वार्ड में औसतन 300 से 400 मतदाता होने के कारण एक बूथ पर तीन से चार वार्डों के मत डाले जाएंगे।

थर्ड जेंडर का अलग विकल्प:-

राज्य निर्वाचन आयोग ने किन्नर, ट्रांसजेंडर और लिंग परिवर्तन करा चुके मतदाताओं को मतदाता सूची में ‘थर्ड जेंडर’ के रूप में दर्ज कराने का विकल्प भी दिया है।