बीकानेर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, इतने किलो अफीम के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बीकानेर पुलिस की एनएनटीएफ टीम और मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में करीब 2.128 किलोग्राम अफीम बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई शहर के बंगलानगर क्षेत्र में की गई। यहां दबिश देकर बंगलानगर निवासी स्वरूप स्वामी पुत्र गोपालदास स्वामी और भंवरलाल पुत्र मेघाराम जाट को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों में से एक व्यक्ति अफीम बेचने का काम करता था, जबकि दूसरा इसे खरीदने आया था। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।