राजस्थान दिवस पर युवाओं को बड़ा तोहफा, सीएम भजनलाल शर्मा आज ₹485 करोड़ की योजनाओं का करेंगे लोकार्पण, पढ़े पूरी खबर
Rajasthan News : राजस्थान दिवस के अवसर पर मंगलवार 17 मार्च को ‘राजस्थान युवा शक्ति दिवस’ मनाया जा रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा युवाओं को समर्पित करीब 485 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही लगभग 9 हजार युवाओं को स्किल सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के तहत राज्य सरकार युवाओं को सशक्त बनाने और प्रदेश के भविष्य को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य ‘विकसित राजस्थान-2047’ के संकल्प को साकार करना है, जिसके लिए युवाओं को कौशल और रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
जयपुर के मानसरोवर स्थित टैगोर पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार की संस्थाएं आरसीएटी, आरकेसीएल और आरएसएलडीसी के माध्यम से एआई कोर्स, वेब डिजाइनिंग और अन्य तकनीकी क्षेत्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 9 हजार 432 युवाओं को कौशल उन्नयन प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। इसके अलावा 403 स्टार्टअप्स को वायबिलिटी गैप के तहत लगभग 11 करोड़ 45 लाख रुपए का फंड भी वितरित किया जाएगा।
लघु फिल्म का होगा प्रदर्शन:-
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के पहले लाभार्थी को चेक भी सौंपा जाएगा। साथ ही राज्य सरकार की ओर से युवाओं के विकास पर आधारित लघु फिल्म ‘युवाओं का उत्थान’ का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, उद्यमी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे।