राजस्थान: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो सगे नाबालिग भाइयों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

post 1092 (1)

राजस्थान: अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में दो सगे नाबालिग भाइयों की मौत का मामला सामने आया है। दोनों बच्चों के शव शेखपुर के खेतों में बने पानी से भरे गड्ढे से बरामद हुए हैं। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों भाई रविवार शाम से घर से लापता थे, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश में जुटे हुए थे।

रविवार शाम से थे लापता:-

जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर ग्रामीणों को खेतों में भरे पानी के पास बच्चों के कपड़े और चप्पल दिखाई दिए। इससे अनहोनी की आशंका जताई गई। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर खोजबीन शुरू की, जिसके बाद पानी से दोनों भाइयों के शव बाहर निकाले गए।

हाइवे निर्माण के लिए निकाली गई थी खेतों से मिट्टी:-

बताया जा रहा है कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण के दौरान खेतों से मिट्टी निकाली गई थी, जिससे वहां गहरे गड्ढे बन गए। बारिश का पानी भरने से ये गड्ढे छोटे तालाब जैसे हो गए हैं। आशंका है कि दोनों बच्चे नहाने के लिए पानी में उतरे होंगे और गहराई अधिक होने के कारण डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। वहीं मासूम बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। मौके पर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, एसडीएम अर्चना चौधरी, डीएसपी कैलाश जिंदल और तहसीलदार हरदयाल सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंचे।