LPG Supply Crisis : राजस्थान में कब खत्म होगी गैस सिलेंडर की किल्लत? मंत्री सुमित गोदारा ने बता दी डेडलाइन

post 1085 (1)

Rajasthan LPG Supply Crisis: राजस्थान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कमी से परेशान कारोबारियों और संस्थानों के लिए राहत की खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने रविवार को कहा कि अगले 7 से 10 दिनों के भीतर कमर्शियल गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य होने की संभावना है।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और और पैनिक बुकिंग न करें। राज्य के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के बीच हुई टेलीफोनिक बातचीत के बाद सप्लाई व्यवस्था में सुधार की उम्मीद बनी है।

मंत्री के अनुसार, केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बहाल किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने एक चरणबद्ध योजना तैयार की है ताकि आवश्यक संस्थानों को पहले राहत मिल सके।

चरणबद्ध तरीके से होगी सप्लाई:-

पहले चरण में सोमवार से सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, पेइंग गेस्ट (PG) आवासों और अन्नपूर्णा रसोई घरों में कमर्शियल गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद दूसरे चरण में औद्योगिक इकाइयों को गैस उपलब्ध कराई जाएगी और अंतिम चरण में होटल व रेस्टोरेंट सेक्टर के लिए सप्लाई सामान्य की जाएगी।

घरेलू गैस और CNG को लेकर स्थिति स्पष्ट:-

मंत्री ने यह भी साफ किया कि राज्य में घरेलू रसोई गैस और वाहनों के लिए सीएनजी की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि घरेलू सिलेंडर के लिए फिलहाल अधिकतम प्रतीक्षा अवधि लगभग चार दिन की है।

सरकार की ओर से पूरे राज्य में हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार अब तक ऐसी कोई पुख्ता शिकायत सामने नहीं आई है, जिसमें उपभोक्ताओं को बुकिंग के चार दिन के भीतर सिलेंडर नहीं मिला हो।

सीएनजी स्टेशनों पर लग रही लंबी कतारों के सवाल पर मंत्री ने कहा कि यह समस्या पहले से चली आ रही है और मौजूदा स्थिति से पहले भी कई जगहों पर ऐसी कतारें देखी जाती थीं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग ‘डबल इंजन’ सरकार की छवि खराब करने और जनता में अनावश्यक डर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

You may have missed