Rajasthan : अरेस्ट होने के बाद बोले आतंकी- हनुमानगढ़ में करना था धमाका, RDX नहीं पहुंचा तो बदला टारगेट; पढ़े खबर
Rajasthan News: हरियाणा के अंबाला में पकड़े गए आतंकी मॉड्यूल से पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपियों ने बताया कि उनकी पहली साजिश राजस्थान के हनुमानगढ़ में बम धमाका करने की थी। इसके लिए IED पहले ही वहां पहुंचा दी गई थी, लेकिन समय पर RDX नहीं मिलने के कारण योजना पूरी नहीं हो सकी। करीब चार दिन तक IED वहीं रखी रही, बाद में उसे वापस मंगवा लिया गया।
ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से पहुंचा RDX:-
पुलिस जांच में सामने आया कि पूरा नेटवर्क पाकिस्तान में बैठे आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़ा है। उसी ने अमृतसर के रास्ते RDX उपलब्ध कराया, जिसे ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से पंजाब पहुंचाया गया था। गिरफ्तार आरोपियों ने उसके निर्देश पर कई शहरों के संभावित ठिकानों की रेकी की और वीडियो बनाकर व्हाट्सएप के माध्यम से पाकिस्तान भेजे।
कई राज्यों में की गई थी रेकी:-
जांच एजेंसियों के मुताबिक आरोपियों ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और चंडीगढ़ के कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी। इनमें हनुमानगढ़, अंबाला छावनी का तोपखाना इलाका, मुलाना स्थित माता बाला सुंदरी मंदिर, पंजाब के कुछ पुलिस थाने, लुधियाना की मार्केट, पठानकोट का सैन्य क्षेत्र, चंडीगढ़ सेक्टर-17 थाना, दिल्ली का सफदरजंग अस्पताल और निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जैसे स्थान शामिल बताए गए हैं।
एक्टिव IED के साथ दबोचे गए आरोपी:-
एसटीएफ को इस नेटवर्क की गतिविधियों की पहले से भनक थी। जब तीनों आरोपी पैशन प्रो बाइक पर IED, बैटरी, टाइमर और डेटोनेटर लेकर अंबाला कैंट की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने नाकाबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। उस वक्त IED एक्टिव स्थिति में था और प्रेशर रिलीज स्विच से जुड़ा हुआ था। बाद में बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर टिफिन बॉक्स में फिट बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया।
2 किलो RDX से हो सकता था बड़ा नुकसान:-
पुलिस के अनुसार बरामद करीब 2 किलो RDX अगर किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में फटता तो भारी तबाही मचा सकता था और बड़ी संख्या में लोगों की जान जा सकती थी। RDX का इस्तेमाल अक्सर आतंकी संगठनों द्वारा बड़े हमलों में किया जाता है।