Rajasthan: फर्जी खेल प्रमाण पत्रों से सरकारी नौकरी पाने की साजिश नाकाम, राजस्थान SOG ने 19 अभ्यर्थियों सहित 20 आरोपियों को किया गिरफ्तार

post 1062 (1)

जयपुर। तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती 2022 में खिलाड़ी कोटे के जरिए नौकरी हासिल करने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। Rajasthan Police Special Operations Group (एसओजी) ने ताइक्वांडो के फर्जी खेल प्रमाण पत्र और नकली सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर सरकारी नौकरी पाने की कोशिश करने वाले 19 अभ्यर्थियों समेत कुल 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के तहत राजस्थान के 14 जिलों और हरियाणा के एक स्थान पर एक साथ छापेमारी की गई।

एसओजी के एडीजी Vishal Bansal ने बताया कि अभ्यर्थियों के खेल प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए ताइक्वांडो फेडरेशन को ईमेल भेजा गया था। इसकी भनक आरोपियों को लग गई। इसके बाद उन्होंने असली ईमेल की कॉपी हासिल कर उससे मिलती-जुलती एक फर्जी ईमेल आईडी तैयार कर ली। इसी नकली आईडी से खेल प्रमाण पत्रों का सकारात्मक सत्यापन भेज दिया गया, जबकि कई अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र वास्तव में फर्जी थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ अभ्यर्थियों को दलालों ने मोटी रकम लेकर फर्जी खेल प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए थे। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अभ्यर्थियों और दलालों के बीच कितनी रकम तय हुई और भुगतान किस तरीके से किया गया। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फेडरेशन को भेजे गए सत्यापन ईमेल की जानकारी आरोपियों तक कैसे पहुंची।

गिरफ्तार किए गए आरोपी:-

बनीता जाखड़ (सुजानगढ़, चूरू), एकता थालोर (चूरू), ज्योतिरादित्य (भीलवाड़ा), सीमा (झुंझुनूं), कविता भींचर (सीकर), बसंती कुम्हार (खोराबिसल, जयपुर), ममता कुमारी (सवाई माधोपुर), नरेंद्र बिदियासर, मुमताज (नागौर), भंवरलाल, भजनलाल (जालोर), कविता (जोधपुर), योगेंद्र कुमार (हनुमानगढ़), शिवकरण (श्रीगंगानगर), मांगीलाल (बीकानेर), भलाराम (बालोतरा), सुनील पालीवाल, महेंद्र पालीवाल, दुर्गाप्रसाद (फलौदी) और गजानंद प्रजापत (जयपुर) शामिल हैं।