LPG संकट के बीच राहत: एक WhatsApp या Missed Call पर घर बैठे बुक करें सिलेंडर, Indane, HP और Bharatgas के हेल्पलाइन नंबर्स जारी 

post 1052 (1)

राजस्थान में गैस सिलेंडर की सप्लाई को लेकर मचे हाहाकार के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के लिए नई सुविधा शुरू की है। प्रदेश के कई जिलों—जयपुर, जोधपुर और अलवर—में सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी की शिकायतों के बाद सरकार ने डिजिटल बुकिंग के विशेष नंबर जारी किए हैं। सरकार का कहना है कि इन सुविधाओं का उपयोग करने पर उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी या डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और रिफिल बुकिंग पहले से अधिक तेज और पारदर्शी होगी।

‘पैनिक बुकिंग’ रोकने के लिए सरकार की नई रणनीति:-

हाल के दिनों में राजस्थान में गैस एजेंसियों और रसद विभाग के दफ्तरों पर भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कई लोग इस आशंका में एक साथ सिलेंडर बुक कर रहे हैं कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण कहीं सप्लाई प्रभावित न हो जाए। इसे देखते हुए मंत्रालय ने सोशल मीडिया के जरिए स्पष्ट किया है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग तेल विपणन कंपनियों (OMCs) के विभिन्न डिजिटल माध्यमों से आसानी से की जा सकती है। इसका उद्देश्य एजेंसियों पर भीड़ कम करना और बिचौलियों की कालाबाजारी पर रोक लगाना है।

WhatsApp और मिस्ड कॉल से होगी आसान बुकिंग:-

सरकार ने इंडेन, एचपी और भारत गैस के उपभोक्ताओं के लिए अलग-अलग डिजिटल चैनल सक्रिय किए हैं। अब उपभोक्ता घर बैठे ही WhatsApp, मिस्ड कॉल, IVRS या मोबाइल ऐप के जरिए सिलेंडर बुक कर सकते हैं।

भारत गैस (Bharatgas) उपभोक्ता:

  • WhatsApp: 1800 22 4344 पर ‘Hi’ भेजें
  • Missed Call: 7710955555
  • IVRS: 7715012345
  • App/Web: Hello BPCL ऐप या my.ebharatgas.com

इंडेन गैस (Indane) उपभोक्ता:

  • WhatsApp: 7588888824
  • Missed Call: 8454955555
  • IVRS: 7718955555
  • App/Web: Indian Oil One ऐप या cx.indianoil.in

एचपी गैस (HP Gas) उपभोक्ता:

  • WhatsApp: 9222201122
  • Missed Call: 9493602222
  • IVRS: 8888823456
  • App/Web: HP Pay ऐप या myhpgas.in

सरकार ने अपील की है कि उपभोक्ता एजेंसियों पर भीड़ लगाने के बजाय इन डिजिटल विकल्पों का इस्तेमाल करें।

राज्य सरकार भी सतर्क:-

प्रदेश में गैस संकट की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेशभर में रसद विभाग की टीमें सक्रिय हैं। जिलों के रसद अधिकारियों को इन नंबरों का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी आसानी से घर बैठे सिलेंडर बुक कर सकें। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने कहा है कि अगले दो से तीन दिनों में हालात पूरी तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें:-

एलपीजी की नियमित आपूर्ति बनाए रखने और अवैध भंडारण, दुरुपयोग व कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला सतर्कता यूनिट और विशेष प्रवर्तन दल का गठन किया गया है। ये टीमें घरेलू और व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति में कमी, अवैध संग्रहण और अधिक कीमत वसूली जैसी गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।

जयपुर जिला प्रशासन ने भी नम्बर्स किए जारी:-

घरेलू गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए जयपुर जिला प्रशासन ने 24 घंटे का कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। किसी भी समस्या या शिकायत के लिए उपभोक्ता 0141-2209016 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तर पर 181, 112 और उपभोक्ता मामलात विभाग की हेल्पलाइन 14435 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।