WhatsApp E-Mitra: व्हाट्सऐप पर मिलेंगी ई-मित्र की 100 से ज्यादा सरकारी सेवाएं, ‘Hi-Hello’ लिखकर हो जाएगा काम, जानें पूरा प्रोसेस
WhatsApp E-Mitra: व्हाट्सऐप पर मिलेंगी ई-मित्र की 100 से ज्यादा सरकारी सेवाएं, ‘Hi-Hello’ लिखकर हो जाएगा काम, जानें पूरा प्रोसेस
Rajasthan : प्रदेश में सरकारी सेवाओं को और आसान बनाने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग ने नई पहल शुरू की है। विभाग अब ई‑मित्र पर मिलने वाली कई सेवाओं को मोबाइल पर WhatsApp Business के माध्यम से उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए एक आधिकारिक व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट बनाया जा रहा है, जिसके जरिए प्रदेशवासी अपने मोबाइल से ही 100 से अधिक सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इस सुविधा के शुरू होने के बाद लोगों को अलग-अलग वेबसाइट या पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं होगी। विभाग इस सेवा को लागू करने के बाद यूजर एक्सपीरियंस का भी फीडबैक लेगा, ताकि जरूरत के अनुसार सुधार और नई सुविधाएं जोड़ी जा सकें। संभावना है कि अगले दो महीनों में यह सेवा शुरू हो सकती है।
ऐसे काम करेगा व्हाट्सऐप सेवा सिस्टम:-
- जो व्हाट्सऐप बिजनेस अकाउंट नंबर जारी होगा, उस पर अंग्रेजी में ‘Hi’ या ‘Hello’ लिखकर शुरू करेंगे।
- इसके बाद मोबाइल स्क्रीन पर विभिन्न सरकारी सेवाओं के विकल्प दिखाई देंगे।
- इच्छित सेवा चुनने पर जन आधार आधारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
- आवेदन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया व्हाट्सऐप चैट के जरिए ही पूरी की जा सकेगी।
- जिन सेवाओं में शुल्क लगेगा, उनका सुरक्षित डिजिटल भुगतान भी सीधे व्हाट्सऐप से किया जा सकेगा, जैसे बिजली या पानी के बिल का भुगतान।
तीन भाषाओं में भी मिलेगी सुविधा:-
फिलहाल ई-मित्र प्लेटफॉर्म पर 600 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इनमें से कई प्रमुख सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से व्हाट्सऐप से जोड़ा जाएगा। साथ ही वॉयस आधारित फीचर भी जोड़ा जाएगा, जिससे उपयोगकर्ता हिंदी, अंग्रेजी और राजस्थानी में बोलकर भी सेवाओं का उपयोग कर सकेंगे।
ई-मित्र मोबाइल ऐप का नया संस्करण जारी:-
इसके साथ ही ई-मित्र मोबाइल ऐप का नया संस्करण भी लॉन्च किया गया है। इस ऐप के जरिए नागरिक केवल दो क्लिक में बिजली-पानी के बिल भुगतान, मोबाइल रिचार्ज, प्रमाण पत्र डाउनलोड, जन आधार डाउनलोड, बोनाफाइड प्रमाण पत्र और जमाबंदी डाउनलोड जैसी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के आयुक्त हिमांशु गुप्ता के अनुसार, अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं घर बैठे और सरल तरीके से उपलब्ध कराने के लिए ई-मित्र की कई सुविधाओं को व्हाट्सऐप प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा रहा है। इससे नागरिकों को अलग-अलग वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आवेदन, सत्यापन तथा भुगतान जैसी प्रक्रियाएं मोबाइल से ही पूरी हो सकेंगी।