48 घंटे तेज हवाओं के साथ ओले-बारिश का अलर्ट, राजस्थान के इन जिलों में आईएमडी ने दी चेतावनी

7

48 घंटे तेज हवाओं के साथ ओले-बारिश का अलर्ट, राजस्थान के इन जिलों में आईएमडी ने दी चेतावनी

राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा लेकिन तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया जा रहा है जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी और संभावित हीटवेव से राहत मिली हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान कोटा में 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंता (बारां) में 13.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल राजस्थान में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है और तेज गर्मी की स्थिति नहीं है।

14 मार्च को इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14 मार्च को गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है साथ ही कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने 15 मार्च को भी कई जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। इस दौरान अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के जिलों के साथ शेखावाटी क्षेत्र, गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी और बूंदाबांदी हो सकती है साथ ही कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है।

You may have missed