Accident News : दो ट्रेलरों में भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग, केबिन में फंसा चालक जिंदा जला

post 1029 (1)

Accident News : दो ट्रेलरों में भीषण भिड़ंत के बाद लगी आग, केबिन में फंसा चालक जिंदा जला

Accident News : राजस्थान के सिरोही जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने की टक्कर के बाद दो ट्रेलरों में भयंकर आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ट्रेलर चालक जिंदा जल गया, जबकि दूसरे ट्रेलर का ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायल चालक को गंभीर हालत में अस्पताल से सिरोही रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार दुर्घटना जिले के स्वरूपगंज क्षेत्र में उदयपुर‑पालनपुर फोरलेन पर देर रात हुई। बताया जा रहा है कि पिंडवाड़ा की ओर से आ रहा एक ट्रेलर अचानक डिवाइडर पार कर गलत दिशा में पहुंच गया और आबूरोड की तरफ से आ रहे दूसरे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग भड़क उठी।

टक्कर के बाद भड़क उठीं आग की लपटें:-

भीषण भिड़ंत के कुछ ही क्षणों में दोनों ट्रेलरों से तेज आग की लपटें उठने लगीं। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक केबिन से बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी प्रयास कर एक चालक को किसी तरह केबिन से बाहर निकाला।

गंभीर रूप से झुलसा चालक अस्पताल रेफर:-

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक बाबूलाल पुत्र बरदूजी बैरवा निवासी शाहपुरा को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे सिरोही रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल चालक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

केबिन में फंसा चालक जिंदा जला:-

दूसरे ट्रेलर का चालक केबिन में ही फंसा रह गया और आग की चपेट में आकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। दमकल कर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद आग बुझाई, जिसके बाद केबिन से जले हुए चालक का शव बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शव को स्वरूपगंज सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और ट्रेलर मालिक को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

You may have missed