Crime News: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ा खेल, युवकों को म्यांमार भेजकर करवाते साइबर ठगी, गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

post 1012 (1)

Crime News: अलवर, विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों को म्यांमार भेजने और वहां उनसे साइबर ठगी करवाने वाले गिरोह का अलवर साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का एक सदस्य अभी फरार बताया जा रहा है। आरोपियों के पास से एक आईफोन भी बरामद किया गया है।

एसपी सुधीर चौधरी ने बताया कि पीड़ित अमनप्रीत ने नवंबर 2025 में साइबर थाने में मामला दर्ज कराया था। शिकायत में उसने बताया कि उसे विदेश में अच्छी नौकरी का लालच देकर म्यांमार भेजा गया। वहां पहुंचने के बाद उसे बंधक बना लिया गया और उससे जबरन साइबर फ्रॉड करवाया जाने लगा।

साइबर थाना प्रभारी नरेश शर्मा के अनुसार मामले की जांच के दौरान गिरोह से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें मोहम्मद मुस्तजहर नासिर निवासी सीतापुर रोड, न्यू मदेयगंज खदरा, निराला नगर (लखनऊ) और सबनूर खान निवासी अफगान कुर्सथ, जिला उन्नाव शामिल हैं। मुस्तजहर नासिर फिलहाल थाना ठाकुरगंज इलाके में किराए के मकान में रह रहा था, जबकि सबनूर खान बगरिया मोड़ दुबग्गा, लखनऊ में ठहरा हुआ था। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।