Suicide : 24 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर दी जान, आत्महत्या से पहले दोस्त को किया वीडियो कॉल, बोला- ‘आखिरी बार चेहरा देख ले…’
Suicide : अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में बुधवार को एक 24 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान देवेन्द्र मेघवाल के रूप में हुई है, जो रामगढ़ का रहने वाला था और मूर्तियां बनाने का काम करता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर सामान्य अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार देवेन्द्र करीब दो-तीन दिन पहले ही नयाबास इलाके में ईदगाह के पास अपने जीजा के किराए के कमरे में रहने के लिए आया था। बुधवार दोपहर उसने कमरे में लगे गार्टर के हुक पर मफलर का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
बताया जा रहा है कि देवेन्द्र का जीजा अपने एक दोस्त के साथ उस कमरे में रहता है और दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। घटना के समय जीजा रामगढ़ गया हुआ था, जबकि उसका दोस्त कोचिंग के लिए बाहर गया था। इस दौरान देवेन्द्र कमरे में अकेला था।
परिजनों के मुताबिक, आत्महत्या से पहले देवेन्द्र ने दोपहर करीब ढाई बजे अपने दोस्त गणेश को वीडियो कॉल कर कहा था, “मेरा चेहरा आखिरी बार देख ले।” दोस्त ने यह बात परिवार को बताई, जिसके बाद अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां देवेन्द्र फंदे से लटका मिला।
परिजनों का कहना है कि देवेन्द्र पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। वहीं इस मामले में प्रेम प्रसंग की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।