बीकानेर: प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख, कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
बीकानेर: प्रशासन ने अपनाया सख्त रुख, कहा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
बीकानेर। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों और माताओं को मिलने वाले पोषाहार को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला पोषण अभिसरण की जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में एडीएम प्रशासन सुरेश कुमार यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषाहार का वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाले बच्चे ही भविष्य में देश के युवा बनेंगे, इसलिए उनके पोषण और स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीकाकरण समय पर किया जाए और सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले के ऐसे आंगनबाड़ी केंद्र जिनके भवन बने हुए हैं लेकिन पट्टा जारी नहीं हुआ है, उनके लिए संबंधित ग्राम पंचायतों में आवेदन करवाकर जल्द पट्टा जारी करवाया जाए। साथ ही जर्जर हो चुके आंगनबाड़ी भवनों की पहचान कर उनके पुनर्निर्माण के प्रस्ताव प्राथमिकता से भेजने के निर्देश भी दिए गए। एडीएम यादव ने कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि बच्चों और गर्भवती महिलाओं को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने सभी केंद्रों पर विद्युत सुविधा उपलब्ध करवाने तथा जिन केंद्रों पर बिजली की व्यवस्था नहीं है वहां सोलर या अन्य वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।