बीकानेर: MGSU के पेपर में सबसे बड़ी लापरवाही आई सामने, विद्यार्थी हुए परेशान
बीकानेर। आए दिन किसी न किसी मुद्दे को लेकर विवादों में रहने वाला महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। बुधवार को विश्वविद्यालय की परीक्षा के दौरान उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब छात्रों को गलत प्रश्नपत्र थमा दिया गया। निर्धारित पाठ्यक्रम के बजाय पहले पढ़ाए जा चुके विषय से जुड़े सवाल मिलने पर परीक्षार्थी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार बुधवार को बी.एड सेमेस्टर-1 की लैंग्वेज अक्रॉस द करिकुलम परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा कक्ष में जब विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र बांटे गए तो उसके बाहर का शीर्षक सही था, लेकिन अंदर के अधिकतर सवाल लर्निंग एंड टीचिंग विषय से जुड़े हुए निकले। उल्लेखनीय है कि इस विषय की परीक्षा 5 मार्च को पहले ही आयोजित हो चुकी है।
जैसे ही छात्रों ने पेपर देखा, उन्होंने तुरंत वीक्षकों को इसकी जानकारी दी। परीक्षा केंद्रों पर जांच में विद्यार्थियों की बात सही पाई गई, लेकिन उनकी आपत्ति को यह कहते हुए दरकिनार कर दिया गया कि यह परीक्षा केन्द्राधीक्षक के बस की बात नहीं। प्रशासन ने कहा कि अंतिम निर्णय विश्वविद्यालय स्तर पर ही लिया जाएगा। ऐसे में कई विद्यार्थियों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा।
छात्रों ने दर्ज कराई लिखित शिकायत:-
विश्वविद्यालय की इस लापरवाही से नाराज परीक्षार्थियों ने केंद्राधीक्षकों को लिखित शिकायत सौंप दी। विद्यार्थियों ने गलत प्रश्नपत्र के कारण हुए नुकसान की भरपाई के लिए बोनस अंक देने, जिम्मेदार अधिकारियों या कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की है।
परीक्षा नियंत्रक का बयान:-
परीक्षा नियंत्रक राजाराम चोयल ने कहा कि संबंधित विषय के स्थान पर अन्य विषय के प्रश्न आने की शिकायत मिली है। मामले को परिवेदना समिति को सौंप दिया गया है और विद्यार्थियों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।