Accident News: आर्मी ट्रक और बोलेरो की भीषण भिड़ंत, चालक गंभीर घायल
Accident News: पोकरण से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर स्थित लाठी थाना क्षेत्र के धोलिया गांव के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भादरिया फांटे के समीप भारतीय सेना के एक ट्रक और बोलेरो कैंपर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह लाठी निवासी अलादीन (35) पुत्र जमालदीन अपने दो किसान साथियों के साथ बोलेरो कैंपर में सवार होकर लाठी से पोकरण की ओर जा रहे थे। उसी समय सेना का एक ट्रक पोकरण से रवाना होकर हाइवे पार करते हुए भादरिया गांव की तरफ मुड़ रहा था। भादरिया फांटे के पास दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होने के कारण वे आपस में टकरा गए।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे चालक अलादीन तथा दोनों किसानों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि बोलेरो में सवार अन्य किसान सुरक्षित बच गए, जबकि चालक अलादीन को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद घायल चालक को तुरंत एंबुलेंस के जरिए लाठी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार करने के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे पोकरण अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही लाठी थाने से सहायक उपनिरीक्षक पदमचंद गोयल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही भारतीय सेना के उच्च अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल करवाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सेना के अधिकारियों ने भी अपने स्तर पर मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।