Churu : बारात में दूल्हे के बड़े भाई और फोटोग्राफर की दर्दनाक मौत, मातम में बदली शादी की खुशियां

post 992 (1)

Churu : चूरू जिले के बीदासर इलाके में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूल्हे के बड़े भाई समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बारात के पीछे चल रही कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे से शादी वाले घर की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।

बारात के पीछे चल रही थी कार:-

मिली जानकारी के अनुसार बीदासर के पास ढाणी स्वामीयान स्थित जाखड़ों की ढाणी निवासी चेतनराम जाखड़ के दो बेटों की शादी थी। मंगलवार को उनके बेटे अशोक की बारात गांव से प्रेमनगर आलसर के लिए रवाना हुई थी। बारात के पीछे एक कार भी चल रही थी, जिसमें दूल्हे का बड़ा भाई सुरेश कुमार, नागौर जिले के रामसरा निवासी चिंटू (17) और फोटोग्राफर नरेश कुमार सवार थे।

रास्ते में ढाणी कुम्हारान के पास अचानक कार चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत सहायता के लिए पहुंचे।

दूल्हे के भाई की मौके पर मौत:-

हादसे में दूल्हे के बड़े भाई सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत राजकीय टांटिया सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सुरेश कुमार नागौर जिले के अजबपुरा में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

वहीं दुर्घटना में घायल चिंटू और फोटोग्राफर नरेश कुमार को गंभीर हालत में सुजानगढ़ के हाई सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान फोटोग्राफर नरेश कुमार ने भी दम तोड़ दिया, जबकि चिंटू का इलाज जारी है।

खुशियां पलभर में मातम में बदलीं:-

हादसे की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शादी वाले घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दरअसल मृतक सुरेश कुमार के भाई चंद्रप्रकाश की शादी बुधवार को होनी थी और उनकी बारात छापर जाने वाली थी, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।