Jaipur: यूट्यूब से सीखा एक्सपायरी माल बेचने का तरीका, पकड़े गए तो अमूल ब्रांड का 1500 क्विंटल माल नष्ट
जयपुर: राजधानी में एक्सपायरी खाद्य सामग्री को बाजार में बेचने की तैयारी का बड़ा मामला सामने आया है। राज्य सरकार के हेल्पलाइन नंबर 181 पर मिली शिकायत के बाद चिकित्सा विभाग की टीम ने खो नागोरियान इलाके में छापा मारकर बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य उत्पाद जब्त किए।
जांच के दौरान करीब डेढ़ लाख किलोग्राम (लगभग 1500 क्विंटल) खाद्य सामग्री नष्ट करवाई गई। इतनी बड़ी मात्रा में एक्सपायरी स्टॉक मिलने से जांच टीम भी हैरान रह गई। जब्त किए गए सामान को चार दिन की कार्रवाई के बाद 27 ट्रकों में भरकर कचराघर भेजा गया।
एक्सपायरी डेट बदलकर बेचने की थी तैयारी:-
जांच में सामने आया कि गोदाम में रखे कई उत्पादों की एक्सपायरी डेट हटाकर उन पर नई तारीख छापने की तैयारी की जा रही थी, ताकि उन्हें दोबारा बाजार में बेचा जा सके। पूछताछ के दौरान आरोपी गगन आहूजा ने बताया कि उसने एक्सपायरी डेट बदलने का तरीका इंटरनेट और यूट्यूब से सीखा था।
बताया जा रहा है कि एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर के जरिए एक्सपायरी हो चुकी खाद्य सामग्री को नए कार्टन में पैक कर बाजार में सप्लाई करने की योजना बनाई जा रही थी। इसके लिए करीब 4500 नए कार्टन तैयार किए जा रहे थे।
12 हजार कार्टन में मिला एक्सपायरी स्टॉक:-
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने गोदाम का निरीक्षण किया तो वहां बड़ी मात्रा में नॉन-डेयरी फूड प्रोडक्ट पाए गए। इनमें नूडल्स, केचअप, मयोनीज और एनर्जी ड्रिंक जैसे कई उत्पाद शामिल थे।
जांच में करीब 12 हजार कार्टन एक्सपायरी पाए गए। इनमें से लगभग 3000 कार्टन के पैकेटों से एक्सपायरी डेट पहले ही मिटाई जा चुकी थी और उन पर नई तारीख डालकर बाजार में बेचने की तैयारी चल रही थी।
गोदाम में मिले केमिकल और उपकरण:-
निरीक्षण के दौरान टीम को गोदाम में थिनर, एसीटोन और अन्य केमिकल भी मिले। आशंका है कि इन रसायनों का उपयोग पैकेटों से पुरानी एक्सपायरी डेट हटाने के लिए किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर पूरे स्टॉक, मशीनों और अन्य उपकरणों को जब्त कर लिया। साथ ही गोदाम को सील कर दिया गया और आगे की जांच तक फूड कारोबार पर रोक लगा दी गई।
सस्ते दामों में खरीदा जाता था स्टॉक:-
मामले में कियारा और एडवनसिस कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी नोटिस जारी किया गया है। जांच में सामने आया कि गगन आहूजा उनकी फर्म से नियर एक्सपायरी खाद्य सामग्री कम कीमत में खरीदता था और बाद में एक्सपायरी डेट हटाकर उन्हें बाजार में बेचने की तैयारी करता था।
नगर निगम में नष्टिकरण शुल्क जमा कराने के बाद जब्त खाद्य सामग्री को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। फिलहाल पूरे मामले में जांच जारी है।