ट्रंप का बड़ा दावा: लड़ाई खत्म होने वाली है; ईरान का दो टूक जवाब— युद्ध कब रुकेगा, यह हम तय करेंगे
US–Iran Tensions: अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब और गहराता जा रहा है। मिडिल ईस्ट में हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर हमले तेज किए गए हैं, जबकि ईरान भी लगातार जवाबी कार्रवाई कर रहा है। ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन इजरायल के साथ-साथ खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने दावा किया है कि यह संघर्ष ज्यादा लंबा नहीं चलेगा और लड़ाई जल्द खत्म हो सकती है। हालांकि ईरान की ओर से मिल रहे संकेत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रहे हैं।
मंगलवार सुबह खाड़ी क्षेत्र में अचानक ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरों से तनाव और बढ़ गया। दुबई, अबू-धाबी और बहरीन में सुबह-सुबह सायरन बजने लगे। यह इस बात का संकेत था कि ईरान और भी ज्यादा खतरनाक अटैक कर सकता है।
“युद्ध कब खत्म होगा, यह ईरान तय करेगा”
इसी बीच Islamic Revolutionary Guard Corps (IRGC) के अधिकारियों ने साफ कहा है कि युद्ध खत्म करने का फैसला अब ईरान ही करेगा। दूसरी तरफ अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप इस संघर्ष को ‘कम समय का ऑपरेशन’ बता रहे हैं, लेकिन जमीनी हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार अली खामनेई की मौत के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई तेज कर दी है। इसके साथ ही नए सुप्रीम लीडर के तौर पर मुजतबा खामनेई का नाम सामने आया है, जो अयातुल्ला अली खामनेई के बेटे बताए जाते हैं।
नेतन्याहू बोले—ईरान की सरकार बदलना जनता का फैसला:-
उधर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान की सरकार को बदलना पूरी तरह ईरानी लोगों पर निर्भर करता है। नेतन्याहू ने देर रात नेशनल हेल्थ इमरजेंसी ऑपरेशन्स सेंटर के दौरे के दौरान कहा कि उनकी इच्छा है कि ईरानी लोग जुल्म और दबाव से आजाद हों। उन्होंने कहा, “आखिरकार ये फैसला ईरानी जनता का ही होगा। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि अब तक हमने जो कदम उठाए हैं, उससे ईरान की सरकार पर काफी दबाव पड़ा है…और हम अभी भी पीछे नहीं हटे हैं।”