राजस्थान में गहराया LPG संकट, होटल संचालकों ने दी हालात बिगड़ने की चेतावनी

post 980 (1)

जयपुर: ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव का असर अब राजस्थान में एलपीजी सप्लाई पर भी देखने को मिल रहा है। राजधानी जयपुर में LPG सिलेंडर की भारी किल्लत सामने आई है। हालात यह हैं कि उपभोक्ताओं की बुकिंग 7 दिनों तक लंबित चल रही है और कई वितरकों के पास सिर्फ एक दिन का स्टॉक बचा है।

स्थिति को देखते हुए फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी रोक दी गई है, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों की परेशानी बढ़ गई है।

होटल इंडस्ट्री पर संकट

राजस्थान होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हुसैन खान का कहना है कि सरकार के निर्देशों के बाद होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो होटल उद्योग पर गंभीर असर पड़ेगा और हजारों कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।

2-3 दिन का ही स्टॉक बचा:-

एलपीजी वितरक दिनश शर्मा के अनुसार, प्रदेश में करीब 1 करोड़ 65 लाख उपभोक्ताओं के सामने एलपीजी संकट गहराने की आशंका है। जयपुर सहित राजस्थान के करीब 10 बॉटलिंग प्लांट्स में केवल 2 से 3 दिन का स्टॉक ही बचा है, जिससे सप्लाई प्रभावित हो रही है।

वितरकों का कहना है कि केंद्र सरकार और तेल कंपनियों की ओर से 25 दिन में एक बार सिलेंडर बुकिंग का नियम लागू है। इसके अलावा दो ट्रक का ऑर्डर देने पर कंपनियां केवल एक ट्रक ही भेज रही हैं, जिसके चलते लोगों को सिलेंडर सप्लाई करने में दिक्कत आ रही है।

केवल घरेलू उपभोक्ताओं को मिल रहे सिलेंडर:-

वितरकों के अनुसार फिलहाल कॉमर्शियल सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह बंद कर दी गई है और प्राथमिकता केवल घरेलू उपभोक्ताओं को दी जा रही है।

कुछ वितरकों का कहना है कि अफवाहों और घबराहट के कारण लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं और घरों में स्टॉक जमा कर रहे हैं। इसके चलते सप्लाई और डिलीवरी का समय बढ़ता जा रहा है। वहीं कई जगह मोबाइल से सिलेंडर बुकिंग भी अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।

You may have missed