जयपुर: ऑनलाइन चालान कटते ही भड़का बोलेरो चालक, यू-टर्न लेकर ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कांस्टेबल को कुचला, हालत गंभीर
Jaipur Traffic Police News: जयपुर, राजधानी के खो-नागोरियान थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। गोनेर तिराहे पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे बोलेरो चालक ने ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को गाड़ी से कुचलने का प्रयास किया। इस मामले में खोहनागोरियान थाने में केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी चालक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।
ऑनलाइन चालान कटते ही भड़का चालक:-
घटना 19 दिसंबर 2025 की शाम की है। पुलिस के अनुसार, जयपुर पूर्व यातायात शाखा में तैनात कॉन्स्टेबल विजय कुमार गोनेर तिराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। शाम करीब पांच बजे भरतपुर नंबर की बोलेरो तेज रफ्तार और लापरवाही से गुजर रही थी। कॉन्स्टेबल ने वाहन रुकवाकर चालक से लाइसेंस मांगा, लेकिन उसने लाइसेंस दिखाने से इनकार कर दिया और बहस के बाद मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। इसके बाद नियमों के तहत बोलेरो का ऑनलाइन चालान काटा गया।
यू-टर्न लेकर लौटकर किया जानलेवा हमला:-
चालान से नाराज आरोपी कुछ देर बाद बोलेरो को यू-टर्न लेकर वापस लाया और जानबूझकर कॉन्स्टेबल विजय कुमार को टक्कर मार दी। इस हमले में कॉन्स्टेबल को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।
पुलिस ने आरोपी बोलेरो चालक के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल कॉन्स्टेबल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


