Breaking News: बीकानेर सहित राजस्थान के 10 से ज्यादा शहरों में पासपोर्ट-पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

post 9788 (1)

बीकानेर: राजस्थान के कई शहरों में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में एक साथ सरकारी दफ्तरों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और एहतियात के तौर पर परिसरों को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार बांसवाड़ा, सीकर, जोधपुर और जैसलमेर के पासपोर्ट कार्यालयों को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। वहीं, अजमेर व बीकानेर के हेड पोस्ट ऑफिस और दौसा के पोस्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके अलावा राजधानी जयपुर, अलवर, सवाई माधोपुर और हनुमानगढ़ के कुछ सरकारी दफ्तरों को भी धमकी भरा ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई है।

परिसर खाली कराकर की गई तलाशी:-

धमकी भरे ईमेल की सूचना मिलते ही अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट किया गया। एहतियात के तौर पर संबंधित कार्यालयों को खाली कराया गया और बम निरोधक दस्तों की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

बीकानेर में संदिग्ध ईमेल से मचा हड़कंप:-

बीकानेर के पासपोर्ट कार्यालय में संदिग्ध ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। ईमेल में दावा किया गया कि कुछ संदिग्ध तत्व पासपोर्ट कार्यालय से जुड़े अहम दस्तावेजों को निशाना बनाने की योजना बना रहे हैं। साथ ही इसमें सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को परखने की बात भी कही गई है।

अलवर में विदेश से आया मेल:-

अलवर के मोती डूंगरी स्थित प्रधान डाकघर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पाकिस्तान से मेल आना बताया गया है। अभी पूरे परिसर को खाली कराकर बम निरोध टीम जांच करने में लगी है। पूरे परिसर को खाली कराकर मुख्य गेट बंद कर दिया है। जांच के बाद ही कर्मचारियों व आम लोगों को अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी।

यहां भी मिली बम से उड़ाने की धमकी:-

जयपुर के पासपोर्ट कार्यालय और मुख्य डाकघर के अलावा हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय को भी धमकी मिली है। वहीं सवाई माधोपुर के मुख्य डाकघर को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सभी स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्कता बरतते हुए जांच में जुटी हुई हैं।

You may have missed