बीकानेर: महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में प्रवेश को लेकर शिक्षा विभाग ने जारी किया कार्यक्रम, पढ़े पूरी खबर

post 976 (1)

बीकानेर: राजस्थान में महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। शिक्षा सत्र 2026-27 के लिए महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (अंग्रेजी माध्यम) और अन्य राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इन स्कूलों में प्रवेश के लिए 25 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी।

शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सोमवार को कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि प्रवेश के लिए 14 मार्च से 23 मार्च तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसके बाद 24 मार्च को प्राप्त आवेदनों की सूची और कक्षावार रिक्त सीटों की जानकारी संबंधित स्कूलों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी।

एक अप्रैल से शुरू होगा शिक्षण कार्य:-

सीताराम जाट के अनुसार 25 मार्च को प्रवेश के लिए लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। वहीं 27 मार्च को लॉटरी के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों की सूची विद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। इसके बाद 28 मार्च से स्कूलों में प्रवेश की औपचारिक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। नए शिक्षा सत्र के तहत एक अप्रैल से नियमित शिक्षण कार्य प्रारंभ होगा।

नर्सरी कक्षा में सभी सीटों पर होंगे नए प्रवेश:-

उन्होंने बताया कि जिन अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में प्री-प्राइमरी कक्षाएं और बाल वाटिकाएं संचालित हो रही हैं, वहां कक्षा नर्सरी की सभी सीटों पर नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। वहीं अन्य कक्षाओं में पहले क्रमोन्नत और उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, उसके बाद बची हुई सीटों पर नए प्रवेश किए जाएंगे।