बड़ा हादसा: मिट्टी धंसने से 7 मजदूरों की दर्दनाक मौत, परिजनों में मचा कोहराम
अलवर: दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित सिधरावली क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां ‘सिग्नेचर ग्लोबल’ कंपनी की निर्माणाधीन साइट पर कंस्ट्रक्शन कार्य के दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे वहां काम कर रहे 11 मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
इस दर्दनाक हादसे में 7 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन और प्रशासन की कार्रवाई:-
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात को देखते हुए राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमों को भी बुलाया गया। जिला प्रशासन और बचाव दलों ने भारी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, जो देर रात करीब 3:30 बजे तक जारी रहा।
मलबे से निकाले गए सभी मजदूरों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 7 श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल 4 मजदूरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मृतक और घायल मजदूरों का विवरण:-
हादसे का शिकार हुए मजदूर झारखंड, राजस्थान और नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
- मृतकों में शिवशंकर (बनिहारा), परमेश्वर मेहटो (होन्डई), मंगल मेहटो (हाथी बिन्दा), भागीरथ गोपे और संजीव गोपे (जमशेदपुर), सतीश (भरतपुर, राजस्थान) तथा धनंजय मेहटो (होन्डई) शामिल हैं।
- घायलों में इन्द्रजीत, छोटेलाल और शिवकाम चौधरी (तीनों नेपाल निवासी) तथा दीनदयाल शर्मा (बांदीकुई) शामिल हैं।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मृतक और घायल मजदूरों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों के पहुंचने के बाद उनकी शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। यदि किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।