Rajasthan Vidhan Sabha : ‘पुलिस खुद बन गई है अपराधी, FIR के लेते हैं 15 हजार’, इस MLA ने सदन में लगाए गंभीर आरोप, पढ़े खबर
Rajasthan Vidhan Sabha: राजस्थान विधानसभा में डूंगरपुर से कांग्रेस विधायक गणेश घोघरा के बयान से सियासी हलचल तेज हो गई है। शून्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि डूंगरपुर सहित पूरे प्रदेश में पुलिस आम जनता को लूटने का अड्डा बन गई है। उनके इस बयान ने सत्ता पक्ष को बचाव की मुद्रा में ला खड़ा किया है।
‘थानों में गरीबों की सुनवाई नहीं’
विधानसभा में बोलते हुए घोघरा ने डूंगरपुर जिले की कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद गरीब और आदिवासी लोगों की थानों में सुनवाई नहीं हो रही है। घोघरा ने आरोप लगाया कि साधारण एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी गरीब आदिवासियों से 10 से 15 हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं, जो बेहद गंभीर स्थिति है। उन्होंने कहा कि पुलिस सुरक्षा देने के बजाय लोगों को लूटने का काम कर रही है।”
आदिवासियों की जमीन पर भी दिया बड़ा बयान:-
इससे पहले भी विधायक घोघरा आदिवासी मुद्दों को लेकर सदन में तीखे बयान दे चुके हैं। आदिवासियों की जमीन से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा था कि आदिवासियों के पास पहले ही सीमित जमीन है। अगर उन्हें उनकी जमीन से बेदखल किया गया तो वे अपनी रक्षा के लिए मजबूर हो जाएंगे।
धार्मिक पहचान को लेकर भी रहा विवाद:-
घोघरा के कई बयान पहले भी राजनीतिक बहस का कारण बने हैं। विधानसभा की कार्यवाही के दौरान उन्होंने कहा था कि आदिवासियों की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान अलग है। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ संगठन आदिवासियों की पहचान को लेकर राजनीति कर रहे हैं और इससे सामाजिक तनाव पैदा हो रहा है।
तीखे बयानों के कारण चर्चा में रहते हैं:-
विधायक गणेश घोघरा अपनी बेबाक शैली के लिए भी जाने जाते हैं। सदन की कार्यवाही के दौरान एक बार टोका-टाकी होने पर उन्होंने कड़ा जवाब देते हुए कहा था कि बीच में बाधा न डालें, वरना उन्हें सख्त प्रतिक्रिया देनी पड़ेगी। उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
कौन हैं गणेश घोघरा?
विधानसभा क्षेत्र: Dungarpur
पार्टी: Indian National Congress
पद: राजस्थान युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष
पहचान: वागड़ क्षेत्र (डूंगरपुर-बांसवाड़ा) में आदिवासी मुद्दों को मुखर रूप से उठाने वाले नेता