LPG Stock Shortage: राजस्थान में गैस संकट की आहट, 10 बॉटलिंग प्लांट्स में सिर्फ इतना बचा स्टॉक; पढ़े पूरी खबर

post 962 (1)

LPG Stock Shortage: राजस्थान के करीब 1 करोड़ 65 लाख एलपीजी उपभोक्ताओं के सामने आने वाले दिनों में गैस संकट की आशंका बढ़ गई है। जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में स्थित 10 बॉटलिंग प्लांट्स में घरेलू गैस का केवल 2 से 3 दिन का स्टॉक बचा बताया जा रहा है। हालांकि इस पूरे मामले पर गैस कंपनियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

रविवार को अवकाश के कारण बॉटलिंग प्लांट और गैस एजेंसियां बंद रहीं। ऐसे में वितरकों का कहना है कि सोमवार को ही स्पष्ट होगा कि मांग के अनुसार कितनी गैस सप्लाई मिल पाएगी। फिलहाल 25 दिन बाद की सिलेंडर बुकिंग लंबित होने से उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ रही है।

वितरकों के पास सिर्फ एक दिन का स्टॉक:-

जयपुर के गैस वितरकों के अनुसार केंद्र सरकार और गैस कंपनियों ने सिलेंडर बुकिंग के लिए 25 दिन का नियम लागू कर रखा है। सामान्यतः बॉटलिंग प्लांट्स पर 2 से 3 दिन का स्टॉक रहता है, जबकि वितरकों के पास केवल एक दिन का स्टॉक ही उपलब्ध रहता है। नियमित सप्लाई के कारण पहले अधिक स्टॉक रखने की जरूरत नहीं पड़ती थी, लेकिन मौजूदा हालात ने चिंता बढ़ा दी है।

परिवहन पर भी पड़ सकता है असर:-

यदि गैस की कमी बनी रहती है तो इसका असर केवल रसोई तक सीमित नहीं रहेगा। जयपुर में करीब 2 से 3 हजार एलपीजी ऑटो चलते हैं। इसके अलावा एलपीजी से चलने वाली कारें और वैन भी प्रभावित हो सकती हैं। इनमें कई वाहन स्कूलों से जुड़े हैं, जिससे परीक्षाओं के दौरान छात्रों को भी परेशानी हो सकती है।

सोमवार को होगी स्थिति स्पष्ट:-

एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ऑफ राजस्थान के अध्यक्ष दीपक सिंह गहलोत के अनुसार फिलहाल बॉटलिंग प्लांट्स पर 2 से 3 दिन और वितरकों के पास लगभग एक दिन का ही स्टॉक बचा है। सोमवार को ही साफ होगा कि प्लांट्स पर कितना स्टॉक उपलब्ध है और बुकिंग के अनुसार सप्लाई मिल पाएगी या नहीं।

You may have missed