Cyber Crime: 21 साल का युवक बना साइबर ठगों का कमिशन एजेंट, खातों से 9.20 करोड़ का ट्रांजेक्शन; जानें पूरी खबर

post 961 (1)

Cyber Crime: राजस्थान में साइबर ठगी से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। महज 21 साल का युवक साइबर ठगों के गिरोह का कमिशन एजेंट बनकर करोड़ों रुपये के लेनदेन में शामिल रहा। पुलिस ने पावटा क्षेत्र के मानजी का हत्था इलाके से आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार रामपुरा भाटियान निवासी सुनील पुत्र धन्नाराम को पकड़ा गया है। आरोपी के कब्जे से 19 सिम कार्ड, 9 डेबिट-क्रेडिट कार्ड, 2 मोबाइल फोन, एक कोरियर किट और 5 पर्चियां बरामद हुई हैं। जांच में सामने आया कि उसके खातों के जरिए करीब 9.20 करोड़ रुपये का अवैध ट्रांजेक्शन किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

किराए के खातों से होता था पैसों का खेल:-

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी साइबर ठगों के लिए कमिशन एजेंट के रूप में काम करता था। गिरोह के सदस्य लोगों को ऑनलाइन गेमिंग और इन्वेस्टमेंट का लालच देकर ठगी करते हैं। ठगी की रकम पहले म्यूल अकाउंट (किराए के बैंक खातों) में ट्रांसफर की जाती है। इसके बाद एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए पैसा निकालकर दूसरे खातों में जमा किया जाता था, ताकि उसे व्हाइट मनी में बदला जा सके।

नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस:-

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। सुनील के संपर्क में रहे लोगों की जांच की जा रही है और कई संदिग्ध युवकों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है, ताकि मारवाड़ क्षेत्र में फैले साइबर ठगी के नेटवर्क तक पहुंचा जा सके।

You may have missed