Rajasthan: ANTF की बड़ी कार्रवाई, 5 किलो अफीम के साथ 2 युवक गिरफ्तार

post 960 (1)

Rajasthan: चित्तौड़गढ़ में एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 किलो अवैध अफीम के साथ दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी भदेसर थाना क्षेत्र के हाज्याखेड़ी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर उदयपुर-चित्तौड़गढ़ हाईवे से अफीम की तस्करी करने वाले हैं। सूचना के आधार पर टीम ने डेलवास इलाके में झाड़ियों की आड़ में घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान अपाचे बाइक पर पहुंचे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उनके पास से करीब 5 किलो अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोवर्धन जाट और मदन जाट के रूप में हुई है, जिनकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों के पिता के नाम पर अफीम का वैध पट्टा है। ऐसे में पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद अफीम वैध पट्टे से डायवर्जन की गई है या फिर अवैध तस्करी का मामला है।

You may have missed