Murder: मामूली विवाद में बेटे का खौफनाक कदम, गैंती से वार कर पिता की हत्या; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
आबूरोड। रीको थाना क्षेत्र के करोईफली में पैसों को लेकर हुए विवाद में पुत्र ने घर पर ही गैंती से हमला कर अपने ही पिता की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात के बाद आरोपी पुत्र मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की।
थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह चंपावत ने बताया कि पिंटू और उसके 60 वर्षीय पिता शंकरलाल के बीच घर पर पैसों को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार इसी बात को लेकर कहासुनी हो चुकी थी। रविवार को फिर से विवाद बढ़ गया। इसी दौरान गुस्से में आए पिंटू ने पास में पड़ी गैंती उठाकर अपने पिता पर हमला कर दिया। गैंती से किए गए वार से शंकरलाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
परिवार में मचा कोहराम:-
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
मृतक की पत्नी कीकी देवी ने अपने ही पुत्र पिंटू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस:-
घटना के बाद आरोपी पुत्र पिंटू मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है। साथ ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।