अनियंत्रित ट्रक पलटा, कार से टकराया; चालक केबिन में फंसा
बीकानेर। जिले के नापासर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर बड़ा हादसा टल गया। गुसाईसर और नौरंगदेसर के बीच एक अनियंत्रित ट्रक पलटकर घसीटता हुआ सामने से आ रही वेन्यू कार से टकरा गया। हालांकि कार चालक की सतर्कता से बड़ी दुर्घटना टल गई। ट्रक को लहराते देख चालक ने समय रहते अपनी कार रोक ली, जिससे जानमाल की बड़ी हानि होने से बच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही नापासर थानाधिकारी सुषमा शेखावत एएसआई जगदीश कुमार के साथ पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचीं। थानाधिकारी ने बताया कि ट्रक पलटने से चालक केबिन में फंस गया था। पुलिस टीम ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल ट्रक चालक को प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस के जरिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
थानाधिकारी सुषमा शेखावत, एएसआई जगदीश कुमार, एएसआई मूलाराम, कांस्टेबल सीताराम और कांस्टेबल पंकज सहित पुलिस टीम ने मौके पर राहत कार्य संभाला। पुलिस ने सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन भी बुलाई गई थी। पुलिस की तत्परता और ग्रामीणों के सहयोग से कुछ ही देर में स्थिति सामान्य हो गई।