हनुमानगढ़ को मिलेगी 1008 करोड़ की सौगात, CM भजनलाल आज कई विकास परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को हनुमानगढ़ दौरे पर रहे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीएम भजनलाल शर्मा जिले को करीब 1008 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी जाएगी। जानकारी के मुताबिक राज्य स्तरीय कार्यक्रम दोपहर एक बजे शुरू होगा। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से हनुमानगढ़ पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले सीएम कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे, इसके बाद सीधे मंच पर पहुंचकर आमसभा को संबोधित करेंगे।
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान समारोह के बाद मुख्यमंत्री लोगों से मुलाकात करते हुए वापस हेलीपेड के लिए रवाना होंगे। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आयोजित यह राज्य स्तरीय कार्यक्रम दोपहर एक बजे शुरू होकर करीब ढाई बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी और जिला प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा भी सभा को संबोधित करेंगे।
इन विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास
- इंदिरा गांधी नहर के पुलों के नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार के कार्य (₹23.50 करोड़)
- इंदिरा गांधी फीडर के पुलों के नवीनीकरण एवं जीर्णोद्धार के कार्य (₹29.15 करोड़)
- पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर संयंत्रों की स्थापना (₹546 करोड़)
- राजकीय सावित्री बाई फुले अन्य पिछड़ा वर्ग बालिका छात्रावास का निर्माण कार्य (₹2.80 करोड़)
- इंदिरा गांधी मुख्य नहर के प्रथम चरण की वितरिका प्रणाली के क्षतिग्रस्त खालों के पुनर्निर्माण के कार्य (₹172 करोड़)
इन कार्यों का करेंगे लोकार्पण:-
- भादरा से साहवा तक सड़क विकास के कार्य (₹20.18 करोड़)
- भटिण्डा–सूरतगढ़ रेलवे सेक्शन पर फोरलेन आरओबी के निर्माण कार्य (₹50 करोड़)
- राजकीय कृषि महाविद्यालय (₹7.46 करोड़)
- सरदारपुरा, सोमासर, भोजेवाला प्रथम तथा बडोपल वितरिका, कुम्हारांवाली, कलालांवाली, न्यू माईनर, फार्म माईनर एवं सूरतगढ़ ब्रांच पुलों के स्लैब एवं बडोपल वितरिका के विकास कार्य (₹32.58 करोड़)
- नगरपालिका रावतसर में 25 केएलडी क्षमता के एफएसटीपी का निर्माण कार्य (₹6 करोड़)
- 132 केवी जीएसएस खुईया व संबंधित लाइनों के कार्य (₹40.81 करोड़)
- 33/11 केवी सब स्टेशन हरदासवाली, खेदासरी एवं 2 केएनजे के निर्माण कार्य (₹8.80 करोड़)
- पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर संयंत्रों की स्थापना (₹68.46 करोड़)
- उद्यान भवन, हनुमानगढ़ का निर्माण (₹1 करोड़)
सुरक्षा कारणों से बदला सीएम का कार्यक्रम स्थल:-
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सीएम भजनलाल शर्मा का हनुमानगढ़ दौरा निर्धारित किया गया है। इस दौरान वह हनुमानगढ़ जंक्शन की धानमंडी में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय महिला दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पहले यह कार्यक्रम धानमंडी में भूमि विकास बैंक के पास स्थित शेड के नीचे आयोजित किया जाना प्रस्तावित था, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते कार्यक्रम स्थल में बदलाव किया गया। अब यह कार्यक्रम जाट भवन के सामने मंडी के बी ब्लॉक के प्लेटफार्म नंबर दो पर आयोजित किया जाएगा।
30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना:-
भाजपा जिला प्रवक्ता आशीष पारीक के अनुसार समारोह में लगभग 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई है। कार्यक्रम को लेकर संगठन स्तर पर गांवों में बसें लगाई गई है। हनुमानगढ़ जिले में कुल 26 मंडल हैं, जिनमें से 15 मंडलों से करीब 1000-1000 लोग तथा हनुमानगढ़–पीलीबंगा क्षेत्र के 11 मंडलों से 2000-2000 लोग कार्यक्रम में पहुंचेंगे। लोगों की सुविधा के लिए संगठन की ओर से करीब 350 बसें लगाई गई हैं।