मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर: ईरान ने कुवैत एयरपोर्ट को बनाया निशाना, सऊदी अरब पर भी दागे ड्रोन
US-Israel-Iran War: मध्य पूर्व में बढ़ते सैन्य तनाव के बीच खाड़ी क्षेत्र में ड्रोन और मिसाइल हमलों की घटनाएं तेज हो गई हैं। ईरान और उसके विरोधी देशों के बीच बढ़ते टकराव के कारण पूरे इलाके की सुरक्षा स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है। इसी बीच कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास स्थित फ्यूल टैंक को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किए जाने की खबर सामने आई है। वहीं सऊदी अरब ने अपने हवाई क्षेत्र में घुसे कई ड्रोन और मिसाइलों को मार गिराने का दावा किया है।
एयरपोर्ट के पास फ्यूल टैंक पर ड्रोन हमला:-
कुवैत की राष्ट्रीय तेल कंपनी कुवैत ऑयल कंपनी (KOC) ने जानकारी दी कि देश के एयरपोर्ट क्षेत्र में मौजूद फ्यूल टैंक को ड्रोन के जरिए निशाना बनाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने इसे देश की महत्वपूर्ण ऊर्जा संरचना पर सीधा हमला बताया है। कुवैत की सेना के मुताबिक हवाई क्षेत्र में घुसे कई संदिग्ध ड्रोन को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई। इंटरसेप्शन के दौरान गिरे मलबे से कुछ नागरिक ढांचों को हल्का नुकसान भी हुआ। एहतियात के तौर पर कुवैत सरकार ने कच्चे तेल के उत्पादन में अस्थायी कटौती का फैसला किया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम ऊर्जा ढांचे की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
तीन बैलिस्टिक मिसाइल हवा में ही नष्ट:-
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय सऊदी मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस (MOD) ने बताया कि देश के विभिन्न क्षेत्रों में घुसने की कोशिश कर रहे ड्रोन और मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते नष्ट कर दिया। राजधानी रियाद के डिप्लोमैटिक क्वार्टर समेत कई संवेदनशील स्थानों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक प्रिंस सुल्तान एयर बेस की ओर बढ़ रही तीन बैलिस्टिक मिसाइलों को भी हवा में ही नष्ट कर दिया गया। यह एयर बेस अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी के कारण रणनीतिक रूप से बेहद अहम माना जाता है। इसके अलावा दक्षिण-पूर्व में स्थित शैबा ऑयल फील्ड के ऊपर उड़ रहे 17 ड्रोन भी नष्ट कर दिए गए।
दुबई में पाकिस्तानी चालक की मौत:-
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस यूएई (MOD UAE) के अनुसार संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक क्षेत्र में 221 बैलिस्टिक मिसाइल और 1300 से अधिक ड्रोन देखे जा चुके हैं। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन भी रोकना पड़ा। इसी दौरान इंटरसेप्शन के बाद गिरा मलबा एक वाहन पर गिर गया, जिससे उसमें सवार एक पाकिस्तानी चालक की मौत हो गई।
वहीं कतर के रक्षा मंत्रालय (MOD Qatar) ने बताया कि ईरान की ओर से दागी गई कई मिसाइलों को एयर डिफेंस सिस्टम ने रास्ते में ही इंटरसेप्ट कर लिया। इनमें से कुछ मिसाइल समुद्र में गिरीं, जबकि कुछ निर्जन इलाकों में जा गिरीं। इस बीच संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र फिलहाल युद्ध जैसे हालात से गुजर रहा है, लेकिन उनका देश इस चुनौती से और अधिक मजबूत होकर बाहर निकलेगा।