Road Accident: तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने महिला को मारी टक्कर, मौके पर दर्दनाक मौत
Road Accident: टोंक, सदर थाना क्षेत्र के सवाईमाधोपुर मार्ग स्थित घांस गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव की रहने वाली धापू देवी (60), पत्नी हीरालाल, सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हादसे से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतका के चार बेटे हैं और परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। उनके बड़े बेटे को लकवे की बीमारी है, जिससे परिवार की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
परिवार को मदद दिलाने की मांग:-
स्थानीय पंचायत समिति के पूर्व सदस्य प्रहलाद खटीक ने बताया कि हादसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने हुआ। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि इस कठिन समय में उन्हें सहारा मिल सके और परिवार का गुजारा हो सके।
सड़क सुरक्षा को लेकर उठी आवाज:-
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर बढ़ती तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों की कमी को हादसों की बड़ी वजह बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यहां चेतावनी संकेत और स्पीड कंट्रोल के इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
परिजनों में गहरा शोक:-
धापू देवी की मौत से परिवार में मातम छा गया है। स्थानीय प्रशासन ने परिजनों को ढांढस बंधाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।