Crime News: अवैध संबंधों के शक में पति बना कातिल, दोस्त संग मिलकर की पत्नी की हत्या; लाश को फेंकने के लिए किराए पर ली कार

post 938+ (1)

Crime News: सीकर जिले के पलसाना इलाके में शुक्रवार तड़के एक युवती का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके ही पति ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पत्नी के चरित्र पर शक के चलते उसने पहले उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाया और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गोरिया पुलिया के पास फेंक दिया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति और उसके साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान ममता कुमावत के रूप में हुई। पुलिस ने जब मृतका के पति अजय मेघवाल से सख्ती से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। हत्या के आरोप में अजय मेघवाल और उसके दोस्त दीपक शर्मा को डिटेन कर लिया गया है।

पुलिस थाना रानोली के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि गोरिया पुलिया के पास एक युवती का शव पड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। बाद में शव को पलसाना सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया।

इसी दौरान 108 एंबुलेंस चालक ने पुलिस कंट्रोल रूम को जानकारी दी कि एक युवक हाथ में चाकू लिए खड़ा है और उसके गले पर कट के निशान हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय मेघवाल (25) निवासी परसरामपुरा, नवलगढ़ (झुंझुनूं) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया।

प्रेम विवाह के बाद बढ़ा विवाद:-

पुलिस सूत्रों के मुताबिक वर्ष 2022 में अजय मेघवाल गांव की ही युवती ममता कुमावत (24) को घर से भगाकर ले गया था। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया और Jaipur में रहने लगे। ममता एक फाइनेंस कंपनी में काम करती थी।

कुछ समय बाद अजय को पत्नी के किसी युवक से बातचीत और अवैध संबंध होने का शक होने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा। बाद में ममता ने नौकरी छोड़ दी और जयपुर में एक पीजी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने लगी, जबकि अजय अलग किराए के मकान में रहने लगा।

किराए की कार लेकर रची साजिश:-

पुलिस के अनुसार अजय मेघवाल ने अपने दोस्त दीपक शर्मा के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की योजना बनाई। दोनों ने जयपुर से एक कार किराए पर ली, जिसे दीपक चला रहा था। योजना के तहत ममता को कोल्डड्रिंक में नशे की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं।

जब वह नशे की हालत में आई तो आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गोरिया पुलिया के पास फेंक दिया। घटना के बाद दीपक जयपुर लौट गया, जबकि अजय ने खुद को बचाने के लिए गले पर चाकू से हल्की चोट लगाकर हमला होने का नाटक किया और इलाज के लिए 108 एंबुलेंस को कॉल कर दिया।

मृतका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। रानोली थानाधिकारी रामलाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

You may have missed