Road Accident: सेना के ट्रक और कार की आमने सामने भीषण भिडंत, दर्दनाक हादसे में हवलदार की मौत
Road Accident: जैसलमेर-लोंगेवाला मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के एक हवलदार की मौत हो गई। गमनेवाला गांव के पास सेना के ट्रक और स्विफ्ट कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में हवलदार राजविंदर सिंह (40) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वे मूल रूप से पंजाब के रहने वाले थे और वर्तमान में जैसलमेर आर्मी कैंट में तैनात थे।

दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन:-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हवलदार का शव कार में बुरी तरह फंस गया था। सूचना मिलने पर सेना और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। सेना के रिकवरी वाहन और भारी मशीनों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद कार के हिस्सों को काटकर शव को बाहर निकाला गया।
दोस्तों से मिलकर लौट रहे थे:-
जानकारी के मुताबिक हवलदार राजविंदर सिंह शुक्रवार को अपनी निजी कार से लोंगेवाला में तैनात अपने साथियों से मिलने गए थे। दोपहर करीब 3 बजे वे जैसलमेर कैंट की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद सेना के जवानों और अधिकारियों में शोक का माहौल है।
आज होगा पोस्टमार्टम:-
पुलिस ने शव को रामगढ़ के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शनिवार को सेना के अधिकारियों और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार स्थानीय पुलिस के संपर्क में हैं।