बीकानेर: यहां हर दस मिनट में लग रहा जाम, पढ़ें ये खबर

4

बीकानेर: यहां हर दस मिनट में लग रहा जाम, पढ़ें ये खबर
शहर में जगह-जगह चल रहे सड़क और निर्माण कार्यों ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है। खासकर श्रीगंगानगर सर्किल से पूगल फांटे तक की सड़क पर हालात बेहद खराब हो गए हैं। यहां नाला निर्माण के लिए सड़क खोदने और आधी सड़क पर आवागमन बंद किए जाने के कारण दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थिति यह है कि हर दस मिनट में जाम लग जाता है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस लाइन चौराहे के पास करीब तीन महीने पहले सीसी सड़क निर्माण के कारण लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी थी। सड़क बनने के बाद लोगों को कुछ राहत मिली ही थी कि अब सप्ताहभर पहले नाला निर्माण के लिए फिर से सड़क खोद दी गई। इसके चलते पूरे क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है।

गड्ढे, मिट्टी और धूल का गुबार
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, मिट्टी और धूल के गुबार के कारण राहगीरों और स्थानीय निवासियों का जीना मुश्किल हो गया है। वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और छोटी दूरी तय करने में भी काफी समय लग रहा है। गजनेर रोड से भुट्टों का बास तक करीब डेढ़ किलोमीटर का सफर तय करने में वाहन चालकों को 20 से 25 मिनट तक लग रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस मौके पर व्यवस्था संभालने का प्रयास कर रही है, लेकिन संसाधनों और मैनपावर की कमी के कारण हालात काबू में नहीं आ पा रहे।

You may have missed