राजस्थान में ग्रीष्मावकाश की तिथि घोषित, जानें इस बार कब से कब तक स्कूलों में रहेगी छुट्टियां
राजस्थान में ग्रीष्मावकाश की तिथि घोषित, जानें इस बार कब से कब तक स्कूलों में रहेगी छुट्टियां
जयपुर. राजस्थान में नए शिक्षा सत्र से पहले स्कूल शिक्षा विभाग ने ग्रीष्मावकाश की तिथियां घोषित कर दी हैं। इस वर्ष प्रदेश के राजकीय विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश 16 मई से 20 जून तक रहेगा। शिक्षा विभाग ने यह निर्णय इस वर्ष शिक्षण दिवसों की संख्या बढ़ाकर 214 करने के कारण लिया है। इससे विद्यार्थियों को अधिक पढ़ाई के दिन मिलेंगे और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार का प्रयास किया जाएगा।
नवीन सत्र से पहले शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को जयपुर स्थित शिक्षा संकुल में शिक्षक संगठनों के प्रदेश प्रतिनिधियों के साथ संवाद बैठक की। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप 1 अप्रैल से शुरू होने वाले नए शिक्षा सत्र और शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में शिक्षक नेताओं ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव भी दिए, जिन पर शिक्षामंत्री ने सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
पहले इतने दिन का मिलता था ग्रीष्मावकाश
पहले स्कूलों में ग्रीष्मावकाश 17 मई से 30 जून तक 45 दिन अवकाश रहता था। अब इसमें बदलाव कर ग्रीष्मावकाश 16 मई से 20 जून तक 35 दिन का कर दिया गया है। हर साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते है। इस दिन स्कूलों को खोलने के आदेश जारी किए जाते है। परन्तु छुट्टियों के बीच एक दिन शिक्षक और विद्यार्थी के इसमें शामिल होने में परेशानी होती है। अब ग्रीष्मावकाश 20 जून तक रख कर इसका समाधान किया गया है।