Accident: तेज रफ्तार टेम्पो अनियंत्रित होकर पलटा, कई यात्री घायल
Accident: अलवर जिले के मुंडावर थाना क्षेत्र में जिंदोली गांव के पास गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार टेम्पो सामने से आ रही बस से टकराने से तो बच गया, लेकिन चालक का संतुलन बिगड़ने से वाहन बीच सड़क पर पलट गया। हादसे में कई यात्री घायल हो गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह:-
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए CCTV फुटेज के मुताबिक, टेम्पो मुंडावर की ओर से तेज गति में आ रहा था। इसी दौरान सामने से बस आती दिखाई दी। टक्कर से बचने के लिए चालक ने अचानक स्टेयरिंग घुमा दिया। बस से सीधी भिड़ंत तो टल गई, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण टेम्पो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
बादली गांव के निवासी हैं घायल:-
हादसे में घायल सभी लोग मुंडावर क्षेत्र के बादली गांव के बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और टेम्पो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
गंभीर घायलों को जयपुर किया रेफर:-
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।