बीकानेर में होली पर हादसों का कहर: 4 की मौत, 380 घायल ट्रोमा सेंटर पहुंचे

post 909 (1)

Bikaner: बीकानेर में होली के जश्न के बीच हादसों की काली छाया भी देखने को मिली। अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की जान चली गई, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। पिछले 24 घंटों के दौरान 380 घायलों को PBM Hospital के ट्रोमा सेंटर में लाया गया, जिनमें से 24 की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया है।।

मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च को एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं खाजूवाला इलाके में हुए सड़क हादसे में दो लोगों ने दम तोड़ दिया। इन तीनों को मृत अवस्था में ट्रोमा सेंटर लाया गया था। इसके अलावा पहले से भर्ती एक अन्य युवक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

ट्रोमा सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. एल.के. कपिल ने बताया कि बीते 24 घंटे में आए घायलों में करीब 200 लोग होली के दौरान हुई घटनाओं में घायल हुए। सौ से अधिक लोगों की तबीयत अत्यधिक शराब सेवन से बिगड़ गई। सड़क दुर्घटनाओं के भी कई मामले सामने आए। रंगों के कारण आंखों और त्वचा संबंधी दिक्कतों वाले मरीज भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। होली को देखते हुए अस्पताल में सर्जरी, ऑर्थो, स्किन और नेत्र रोग विशेषज्ञों की चौबीस घंटे ड्यूटी लगाई गई थी, ताकि आपात स्थिति में तुरंत इलाज उपलब्ध कराया जा सके।