Rajasthan: गूगल मैप के चक्कर में भटके दंपती को बच्चा चोर समझ ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस जांच में हुआ खुलासा
भीलवाड़ा: अमरगढ़ इलाके में बुधवार को बच्चा चोरी की अफवाह ने अचानक हड़कंप मचा दिया। गांव के पास से गुजर रही एक कार को संदिग्ध समझकर ग्रामीणों ने बीच रास्ते में रोक लिया। स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन समय पर पुलिस पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया। जांच में मामला पूरी तरह अफवाह निकला और दंपती अपने बच्चों के साथ सुरक्षित पाए गए।
शॉर्टकट बना मुसीबत:-
पुलिस के अनुसार निंबाहेड़ा निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ जहाजपुर स्थित ससुराल से लौट रहा था। आमतौर पर वह मुख्य मार्ग से सफर करता था, लेकिन होली के दौरान सड़कों पर भीड़ और हुड़दंग से बचने के लिए उसने गूगल मैप से वैकल्पिक रास्ता चुना। मैप ने उसे अखेराम जी का खेड़ा होते हुए शॉर्टकट मार्ग दिखाया।
अनजान रास्ते पर कार पहुंचते ही वहां होली खेल रहे ग्रामीणों को शक हुआ। हाल ही में सोशल मीडिया पर फैली बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण लोगों ने एहतियातन कार रुकवाई और पूछताछ शुरू कर दी। अपरिचित माहौल और भीड़ देखकर दंपती घबरा गए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ बढ़ गई और किसी ने 112 पर सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही अमरगढ़ चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और दंपती को सुरक्षा के साथ चौकी ले जाया गया। बाद में पुलिस ने संबंधित थाने से संपर्क कर व्यक्ति की पहचान की पुष्टि की, जिसमें सामने आया कि उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और वह सिर्फ रास्ता भटक गया था।
पुलिस की अपील:-
जहाजपुर के पुलिस उपाधीक्षक ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बच्चा चोरी की एक भी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। बिना सत्यापन सोशल मीडिया पर फैल रही खबरों से भ्रम की स्थिति बन रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि अफवाहों पर विराम लग सके।