राजस्थान में अगले तीन दिन और बढ़ेगा तापमान, इन जिलों में अलर्ट जारी

13

राजस्थान में अगले तीन दिन और बढ़ेगा तापमान, इन जिलों में अलर्ट जारी

राजस्थान में गर्मी ने समय से पहले ही असर दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी हवाओं के गर्म और शुष्क रुख के कारण सीमावर्ती इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो से तीन दिनों में तापमान और बढ़ सकता है। खासकर पश्चिमी राजस्थान में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। बुधवार को राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया।

सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में दर्ज किया गया, जहां पारा करीब 38.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा जयपुर, अजमेर, चूरू और उदयपुर सहित कई शहरों में भी तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर, कोटा और श्रीगंगानगर में भी दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर महसूस किया गया।

दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, हालांकि रात के समय तापमान गिरने से हल्की ठंडक बनी हुई है। कई शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया जा रहा है। पाली में सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं फतेहपुर (सीकर) में 11 डिग्री और करौली में 11.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।