ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, नमक के नीचे दबने से 2 दोस्तों की मौत, एक पंचायत सहायक था
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, नमक के नीचे दबने से 2 दोस्तों की मौत, एक पंचायत सहायक था
डीडवाना-कुचामन में नमक से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली बाइक सवार युवकों पर पलट गई। हादसे में बाइक सवार दोनों दोस्तों की मौत हो गई। मरने वालों में एक पंचायत सहायक था। हादसे के बाद ट्रैक्टर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसा बुधवार दोपहर नावां कस्बे के जब्दीनगर गांव में हुआ। थानाधिकारी नंदलाल रिणवां ने बताया- हादसे में जब्दीनगर निवासी राधेश्याम (45) पुत्र पूरणमल और शंकरलाल (43) पुत्र मन्नालाल की मौत हो गई। राधेश्याम नावां में पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत थे। जबकि शंकरलाल मजदूरी करता था। होली के मौके पर दोनों एक परिचित से मिलने के लिए बाइक से नजदीकी गांव राजास जा रहे थे। जब्दीनगर गांव से निकलते ही हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी शंकर और सूरज ने बताया- ट्रैक्टर में नमक ओवरलोड भरा था। सामने बाइक को देखकर ड्राइवर ने ट्रैक्टर पर संतुलन खो दिया। ट्रैक्टर से टकराकर बाइक गिर गई और ट्रॉली बाइक सवारों पर पलट गई। लोगों ने हाथों से नमक को हटाना शुरू किया। फिर जेसीबी से नमक को हटाया गया। युवकों को निकालकर एंबुलेंस से नावां उपजिला हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया- ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। ड्राइवर की तलाश कर रहे हैं।