Horrific Accident : मां से बोला डाक्टर बेटा, शाम तक आऊंगा, पर जैसे ही ‘वो’ घर पहुंचा बिलख पड़े परिजन
Horrific Accident : बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में पचपदरा के पास शुक्रवार को हुए दर्दनाक बस हादसे में भाखरपुरा गांव के एक युवा चिकित्सक की जान चली गई। देर रात शिनाख्त होने के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और होली की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे से कुछ समय पहले ही श्रवण ने अपनी मां को फोन कर बताया था कि वह शाम तक घर पहुंच जाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। घर पहुंचने की बजाय उसका पार्थिव शरीर सफेद कपड़े में लिपटा आया। शनिवार को भाखरपुरा में गमगीन माहौल के बीच ग्रामीणों की मौजूदगी में उसका अंतिम संस्कार किया गया।
शुक्रवार शाम बालोतरा जिले में पचपदरा के पास नेशनल हाईवे-25 पर बस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में कुल छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 29 वर्षीय डॉ. श्रवण चौधरी पुत्र कानाराम, निवासी भाखरपुरा भी शामिल थे। हादसा इतना भीषण था कि शव क्षत-विक्षत हो जाने से तत्काल पहचान नहीं हो सकी।
बाद में पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर जारी तस्वीरों के आधार पर देर रात उनकी पहचान की गई। श्रवण ने प्रारंभिक शिक्षा के बाद जोधपुर में पढ़ाई की और एमबीबीएस में चयनित हुए। अगस्त 2025 में उन्होंने जोधपुर के एक मेडिकल कॉलेज में रेडियोथेरेपी विशेषज्ञ के रूप में कार्यभार संभाला था।
श्रवण दो भाइयों में बड़े थे और उनके पीछे दो वर्ष का एक मासूम बेटा है। होली मनाने घर लौट रहे इस युवा डॉक्टर की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।