पीएम मोदी देंगे राजस्थान को बड़ी सौगात, इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

3

पीएम मोदी देंगे राजस्थान को बड़ी सौगात, इन परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और लोकार्पण

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अजमेर आएंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री 9 से 14 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी टीके की खुराक देकर एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करेंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री केंद्र एवं राज्य सरकार की 16 हजार 686 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित अन्य नेता कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम में शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क, रेलवे, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 16 हजार 686 करोड़ रुपए की लागत की 43 प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 8 हजार 554 करोड़ रुपए की 34 परियोजनाएं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से संबंधित हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग और ऊर्जा से जुड़ीं करीब 8 हजार 132 करोड़ रुपए की 9 प्रमुख परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। इन परियोजनाओं में 2 का शिलान्यास और 7 का लोकार्पण होगा। प्रधानमंत्री 4 हजार 516 करोड़ रुपए से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में लगभग 1 हजार 207 करोड़ रुपए की लागत से बांदीकुई से जयपुर तक 4 लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, दिल्ली-वडोदरा एक्सेस कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के पैकेज 14 सेक्शन में एनएच 76 जंक्शन से एनएच 12 पर उम्मेदपुरा गांव तक 8 लेन कैरिजवे और प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्ग के विस्तार, सुदृढ़ीकरण और चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं।